खबर की तहतक जलालपुर, अंबेडकर नगर। थाना जलालपुर क्षेत्र के ग्राम नगपुर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट करने और जान से मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस से प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज किए जाने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उषा गुप्ता पत्नी ध्रुव गुप्ता, निवासी ग्राम नगपुर, थाना जलालपुर, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 9 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे उनके पति ध्रुव गुप्ता बच्चों के लिए खाने-पीने का सामान लेने नागपुर स्थित मुकुंद कैफे गए थे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि वहां पहले से मौजूद निखिल अग्रहरि पुत्र रमेश अग्रहरि, करन अग्रहरि पुत्र महेंद्र अग्रहरि, दीपक अग्रहरि पुत्र महेंद्र अग्रहरि तथा एक अज्ञात व्यक्ति ने ध्रुव गुप्ता के पहुंचते ही कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बढ़ा और आरोपितों ने ध्रुव गुप्ता के साथ मारपीट की। परिजनों के मुताबिक, ध्रुव गुप्ता हाल ही में 7 अगस्त 2026 को सऊदी अरब से घर लौटे थे, जहां वह नौकरी करते थे। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान ध्रुव गुप्ता के सीने पर चढ़कर लात-घूंसों से हमला किया गया और उनका गला दबाने का प्रयास किया गया। तहरीर के अनुसार, किसी तरह वहां से निकलकर ध्रुव गुप्ता घर पहुंचे और अपने भाई अमित, चाचा बजरंगी तथा पड़ोसी अभिषेक को घटना की जानकारी दी। परिजनों का दावा है कि उनकी नाक से खून निकल रहा था। इसके बाद उन्हें खटिया पर लिटाया गया, जहां उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी ने घटना को लेकर नामजद आरोपितों एवं अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस ने शुरू की कार्रवाई कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप यादव के अनुसार, घटना की जानकारी पुलिस को प्राप्त हो चुकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। https://khabarkitahtak.co.in/wp-content/uploads/2026/08/VID-20260810-WA0021.mp4 पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा। इसके आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुरानी रंजिश का भी लगाया गया आरोप परिजनों की तहरीर में करीब डेढ़ वर्ष पुरानी कथित रंजिश का जिक्र किया गया है। हालांकि, घटना में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। खबर की तहतक की अपील: मामले की जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले किसी भी व्यक्ति को दोषी ठहराना उचित नहीं है। सभी पक्षों को अपना पक्ष रखने और निष्पक्ष जांच का अवसर मिलना चाहिए। डिस्क्लेमर: यह समाचार पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रारंभिक जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। समाचार में वर्णित आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। किसी व्यक्ति को न्यायालय द्वारा दोषी ठहराए जाने तक उसे आरोपी मात्र माना जाता है। मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। खबर की तहतक निष्पक्ष एवं तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध है और जांच से संबंधित आधिकारिक निष्कर्ष सामने आने पर आवश्यकतानुसार समाचार को अपडेट किया जाएगा Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation बंगाल में ममता बनर्जी के काफिले पर हमले का आरोप, बोलीं— “बड़ा-बड़ा पत्थर मारा गया, माथा फट जाता” कांवरियों की आस्था पर भारी पड़ी बदहाल सड़क,नंगे पांव छलनी हुए कदम