खेतों में मौत बनकर दौड़ रहा करंट: झटका मशीन की चपेट में आए किशोर की मौत, प्रशासन ने दिए हटाने के निर्देश

खबर की तहतक | सुलतानपुर

रिपोर्ट  – विशेष संवाददाता

सुलतानपुर जिले के बल्दीराय तहसील क्षेत्र अंतर्गत हलियापुर थाना क्षेत्र के पूरे नोखे मजरे मेघमऊ गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आर्यन तिवारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आर्यन रविवार सुबह अपने घर के सामने स्थित चरी के खेत में गया था। परिजनों का आरोप है कि खेत की सुरक्षा के लिए किनारे लगाई गई झटका मशीन में विद्युत तार जुड़ा हुआ था। इसी दौरान आर्यन तार के संपर्क में आ गया और तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों के अनुसार उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर बल्दीराय तहसीलदार सुनील कुमार, सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार तथा हलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

हादसे के बाद प्रशासन सख्त

 

किशोर की मौत के बाद खेतों में लगाई जा रही झटका मशीनों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बल्दीराय एसडीएम प्रभात सिंह ने तहसील क्षेत्र के किसानों को खेतों में लगी झटका मशीनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि जांच के दौरान खेतों में झटका मशीन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा खेतों की सुरक्षा के नाम पर लगाए जा रहे विद्युत झटकों की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि फसलों को पशुओं से बचाने के लिए अपनाया जाने वाला यह तरीका यदि सुरक्षा मानकों के विपरीत विद्युत करंट से जोड़ा जाए तो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

प्रशासन की सख्ती के बाद अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि खेतों में लगी ऐसी मशीनों पर प्रभावी रोक लग पाती है या नहीं।

डिस्क्लेमर :

यह समाचार स्थानीय प्रशासन, पुलिस अधिकारियों एवं ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। मामले की जांच जारी है और विद्युत कनेक्शन तथा झटका मशीन से संबंधित तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही संभव होगी। खबर की तहतक पाठकों से अपील करता है कि अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button