स्थानांतरण सूची जारी करने की मांग को लेकर शिक्षामित्रों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

खबर की तहतक

अम्बेडकरनगर।

शिक्षामित्रों की स्थानांतरण सूची जारी करने की मांग को लेकर शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर प्रतिमा स्थल पर शिक्षामित्र शिक्षक संघ अम्बेडकरनगर ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में शिक्षामित्र जुटे और शीघ्र सूची जारी करने की मांग की।

धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए शिक्षामित्र शिक्षक संघ अम्बेडकरनगर के जिलाध्यक्ष एवं शिक्षामित्र केयर समिति के जिला संयोजक रामचन्दर मौर्य ने कहा कि शिक्षामित्रों के मूल विद्यालय, निकटतम विद्यालय, ससुराल स्थित विद्यालय तथा अंतर्जनपदीय स्थानांतरण से संबंधित शासनादेश जनवरी 2025 में जारी हुआ था, लेकिन लगभग 19 माह बीत जाने के बाद भी जनपद अम्बेडकरनगर में स्थानांतरण सूची जारी नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि जब तक स्थानांतरण सूची जारी नहीं होती, तब तक धरना प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा। जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की कि शासनादेश के अनुरूप लंबित प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए।

जिला महामंत्री मो. मोसीर खान ने सभी शिक्षामित्रों से एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत बनाने और जिला मुख्यालय पर चल रहे धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

धरना प्रदर्शन को समर्थन देने पहुंचे प्राथमिक शिक्षक संघ अम्बेडकरनगर के ब्लॉक अध्यक्ष राजेश अकेला ने शिक्षामित्रों की मांग को न्यायोचित बताते हुए कहा कि लंबित स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी होना आवश्यक है। उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचकर शिक्षामित्रों का उत्साहवर्धन भी किया।

धरना प्रदर्शन में सौरभ उपाध्याय, हरिवंश दूबे, अम्बरीष कुमार, राजेश वर्मा, सुदामा मौर्य, संगीता वर्मा, सुदामा देवी, रजिया खातून, रीना देवी, अर्चना चौधरी, राजेश कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।

शिक्षामित्रों ने स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा

### डिस्क्लेमर :

यह समाचार शिक्षामित्र शिक्षक संघ अम्बेडकरनगर द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान उपलब्ध कराई गई जानकारी और सार्वजनिक वक्तव्यों के आधार पर तैयार किया गया है। स्थानांतरण प्रक्रिया, शासनादेश के क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक कार्रवाई से संबंधित तथ्यों की अंतिम पुष्टि संबंधित विभाग द्वारा की जानी शेष है। खबर की तहतक का उद्देश्य जनहित में उपलब्ध जानकारी प्रकाशित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button