अम्बेडकरनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश, 11 आरोपी गिरफ्तार; कई जिलों की वारदातों का खुलासा

खबर की तहतक | वेब पोर्टल

अकबरपुर, अम्बेडकरनगर।

जनपद में चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत अम्बेडकरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली अकबरपुर पुलिस ने एक अंतरजनपदीय शातिर टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से ₹47,100 नकद, सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अम्बेडकरनगर और गोरखपुर जनपद में टप्पेबाजी एवं चोरी की कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर नितीश कुमार तिवारी के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि शिवबाबा मंदिर, सीहमई कारीरात के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी के माल और नकदी का बंटवारा कर रहे हैं तथा नई वारदात की योजना बना रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से ₹47,100 नकद, सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए, जिन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत कब्जे में ले लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुद को एक संगठित अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का सदस्य बताया। पुलिस के अनुसार गिरोह अम्बेडकरनगर के अकबरपुर, जलालपुर, कटका, महरुआ, मालीपुर, अहिरौली तथा गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में टप्पेबाजी और चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। वारदात के बाद गिरोह नकदी और जेवरों का आपस में बंटवारा कर दूसरे जनपदों में जाकर नई घटनाओं को अंजाम देता था।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज टप्पेबाजी और चोरी के कई लंबित मामलों का सफल खुलासा हुआ है। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस ने बरामद सामान के वास्तविक स्वामियों की पहचान और गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों की तलाश भी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में संगठित अपराध के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

डिस्क्लेमर:

यह समाचार अम्बेडकरनगर पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट पर आधारित है। गिरफ्तार सभी व्यक्तियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की पुष्टि एवं अंतिम निर्णय माननीय न्यायालय द्वारा साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button