खेत में ट्यूबवेल पर सो रहे बुजुर्ग की हत्या, धारदार/भारी हथियार से वार कर उतारा मौत के घाट; इलाके में सनसनी

खबर की तहतक

संवाददाता : विकास देवर्षि

सम्मनपुर अम्बेडकरनगर

सम्मनपुर थाना क्षेत्र के बड़ेपुर मुस्काबाद गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के बाहर खेत में स्थित ट्यूबवेल पर सो रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग की अज्ञात हमलावरों ने धारदार अथवा भारी वस्तु से सिर पर हमला कर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगो से प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ेपुर मुस्काबाद निवासी राधेश्याम प्रजापति (65) पुत्र रामलौट अपने खेत में बने ट्यूबवेल पर रहते थे। वहीं पर वह कुल्हड़ आदि मिट्टी के बर्तन बनाने का कार्य करने के साथ-साथ झाड़- फूंक का भी काम करते थे। शनिवार रात लगभग 9:30 बजे उनका पौत्र भोजन लेकर ट्यूबवेल पहुंचा तो उसने राधेश्याम को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तत्काल परिजनों को सूचना दी।

परिजन गंभीर रूप से घायल राधेश्याम को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है।

सूचना मिलने पर सम्मनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष सम्मनपुर अभिषेक त्त्रिपाठी ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खबर की तहतक की टीम इस संवेदनशील मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। जैसे-जैसे जांच में नए तथ्य सामने आएंगे और पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी होगी, पाठकों तक हर महत्वपूर्ण अपडेट सबसे पहले पहुंचाया जाएगा।

डिस्क्लेमर :

यह समाचार पुलिस से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी, स्थानीय स्रोतों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से मिली सूचनाओं के आधार पर तैयार किया गया है। मामले की जांच अभी जारी है। समाचार में किसी व्यक्ति को दोषी ठहराने का उद्देश्य नहीं है। अंतिम सत्यता पुलिस विवेचना, वैज्ञानिक साक्ष्यों एवं न्यायालय के निर्णय के अधीन होगी। यदि जांच के दौरान कोई नया तथ्य सामने आता है, तो “खबर की तहतक” उसे प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button