महिला डॉक्टर पर घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती; आरोपी हिरासत में

संवाददाता- अनिल यादव

आजमगढ़

आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र में एक महिला डॉक्टर पर कथित रूप से घर में घुसकर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घायल महिला डॉक्टर का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पवई बाजार स्थित एक निजी नर्सिंग होम की संचालिका डॉ. दुर्गावती गौड़ (45 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय राम प्रसाद गौड़, पर 16 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे उनके आवास में कथित रूप से धारदार हथियार से हमला किया गया। आरोप है कि हमलावर घर के दूसरे तल तक पहुंचा और डॉक्टर की गर्दन व बांह पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पीड़िता के भाई बृजेश कुमार गौड़, निवासी ग्राम गोमकोठी, थाना अहरौला, ने पवई थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि सुजीत मौर्य (22 वर्ष), पुत्र राममगन मौर्य, निवासी पवई, उनकी बहन के घर में घुसा और जान से मारने की नीयत से हमला किया। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी और ग्राम प्रधान के सामने कमरे का ताला तोड़ा गया, जहां डॉ. दुर्गावती लहूलुहान अवस्था में मिलीं। उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उनका उपचार शाहगंज के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, डॉ. दुर्गावती की शादी जौनपुर जनपद के सरपतहा थाना क्षेत्र में हुई थी। पति के निधन के बाद उन्होंने पवई बाजार में अपना मकान बनवाकर वहीं अरुण नर्सिंग होम का संचालन शुरू किया। उनकी एक पुत्री है, जो बाहर रहकर पढ़ाई कर रही है।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी सुजीत मौर्य और उसके पिता को पूछताछ के लिए थाने लाया। बाद में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी मनीष पाल ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का पहले किसी विवाद में नाम सामने नहीं आया था, इसलिए घटना से लोग हैरान हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

डिस्क्लेमर:

यह समाचार पीड़ित पक्ष की तहरीर, स्थानीय स्रोतों तथा उपलब्ध पुलिस जानकारी के आधार पर प्रकाशित किया गया है। आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोप अभी जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं। सक्षम न्यायालय द्वारा दोष सिद्ध होने तक किसी भी व्यक्ति को दोषी नहीं माना जाता। “खबर की तहतक” का उद्देश्य निष्पक्ष एवं तथ्यपरक सूचना प्रस्तुत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button