खबर की तहतक न्यूज़ अम्बेडकरनगर। महिला एवं बाल सुरक्षा के खिलाफ संगठित अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अम्बेडकरनगर पुलिस ने कथित अंतर्राज्यीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया तथा एक अपहृत युवती को सकुशल बरामद किया गया। मामले में गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों, आर्थिक लेनदेन और अन्य राज्यों में सक्रिय नेटवर्क की जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं मानव तस्करी विरोधी विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेन्द्र कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर नितीश कुमार तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली अकबरपुर पुलिस, एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट), स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक युवती को शादी का झांसा देकर राजस्थान और हरियाणा ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर खिद्दिरपुर स्थित टाटा मोटर्स के निकट घेराबंदी कर सात लोगों को हिरासत में लिया गया तथा युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपितों ने ऐसे संगठित नेटवर्क के संचालन की जानकारी दी, जो आर्थिक रूप से कमजोर एवं असहाय परिवारों की युवतियों को बेहतर विवाह का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद कथित रूप से फर्जी पहचान पत्र तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से विवाह का नाटक रचा जाता था और युवतियों को दूसरे राज्यों में ले जाया जाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि युवतियों को उनकी इच्छा के विरुद्ध शोषण के उद्देश्य से इस्तेमाल किया जाता था तथा उनकी वास्तविक पहचान छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाते थे। पुलिस ने मामले में ₹40 हजार नकद बरामद करने का भी दावा किया है। https://khabarkitahtak.co.in/wp-content/uploads/2026/07/VID-20260706-WA0048.mp4 इस संबंध में थाना कोतवाली अकबरपुर में मु0अ0सं0-407/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 9 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के फरार सदस्यों, आर्थिक नेटवर्क तथा अन्य राज्यों में सक्रिय सहयोगियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोहराया कि महिला एवं बाल सुरक्षा तथा मानव तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। डिस्क्लेमर यह समाचार अम्बेडकरनगर पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट एवं पुलिस अधिकारियों के उपलब्ध कराए गए विवरण के आधार पर प्रकाशित किया गया है। समाचार में वर्णित घटनाक्रम, बरामदगी, पूछताछ में सामने आए कथन तथा आरोप पुलिस के दावे हैं, जिनका अंतिम परीक्षण न्यायिक प्रक्रिया एवं विवेचना के दौरान होगा। गिरफ्तार व्यक्तियों को न्यायालय द्वारा दोष सिद्ध किए जाने तक भारतीय कानून के अनुसार निर्दोष माना जाएगा। यदि आरोपित पक्ष अथवा उनके अधिवक्ता अपना पक्ष या स्पष्टीकरण प्रस्तुत करना चाहते हैं, तो “खबर की तहतक न्यूज़” उसे भी निष्पक्ष एवं समान प्रमुखता के साथ प्रकाशित करेगा। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation काँवड़ यात्रा-2026 | जर्जर मार्गों की मरम्मत, सुरक्षा और सुगम आवागमन की उठी मांग सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, समाधान दिवस में उठी कार्रवाई की मांग