वेब पोर्टल – खबर की तहतक जैतपुर,अंबेडकरनगर। जनपद के जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुमखोर गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई कहासुनी के बीच एक 70 वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम अचल पुत्र स्वर्गीय नैपाल (70 वर्ष) निवासी कुसुमखोर की शनिवार देर रात करीब 10:30 बजे उस समय तबीयत बिगड़ गई, जब उनके पुत्र और गांव के ही उत्तम पुत्र हौसला प्रसाद के बीच जमीनी विवाद को लेकर कहासुनी चल रही थी। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर राम अचल बीच-बचाव करने पहुंचे थे। मृतक पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान उत्तम के परिजनों द्वारा धक्का दिए जाने से राम अचल जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई और बाद में उनकी मृत्यु हो गई। वहीं दूसरी ओर, दूसरे पक्ष का कहना है कि घटना के दौरान किसी प्रकार की हाथापाई नहीं हुई थी और न ही किसी ने राम अचल को धक्का दिया था। सूचना मिलने पर जैतपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और वृद्ध को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इस संबंध में थाना प्रभारी जैतपुर प्रेमचंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों पक्षों के बीच केवल कहासुनी की बात सामने आई है। किसी प्रकार की हाथापाई की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि वृद्ध की मौत के कारणों को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि अभी तक किसी पक्ष से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि परिजन मौत के लिए दूसरे पक्ष को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई सामने आ सके। डिस्क्लेमर यह समाचार स्थानीय स्रोतों, प्रत्यक्षदर्शियों, परिजनों तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रारंभिक जानकारी के आधार पर प्रकाशित किया गया है। मामले की जांच जारी है और मृत्यु के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस विवेचना के बाद ही हो सकेगी। “खबर की तहतक” किसी भी पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार समाचार में आवश्यक संशोधन या अद्यतन किया जा सकता है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation मार्टिन से लगी आग या रची गई मौत की साजिश? विवाहिता की मौत के मामले में पति गिरफ्तार 520 ग्राम अवैध गांजा व नकदी के साथ युवक गिरफ्तार, इब्राहिमपुर पुलिस की कार्रवाई