खबर की तहतक सम्मनपुर, अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लखनिया में शनिवार देर रात रास्ते से हटने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, जिसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। https://khabarkitahtak.co.in/wp-content/uploads/2026/05/VID-20260531-WA0064.mp4 प्राप्त जानकारी के अनुसार शरीफपुर निवासी साहिल (22) पुत्र शकील तथा जमशेद पुत्र नसीम लखनिया बाजार से दूध लेकर अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि पंचायत भवन के समीप खड़े कुछ युवकों से रास्ते को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मारपीट के दौरान साहिल के सिर में गंभीर चोट लग गई, जबकि जमशेद और यासीन पुत्र शरीफ भी घायल हो गए। घटना के समय दूसरी बाइक पर सवार गुलाम अशरफ पुत्र इस्लाम भी मौजूद था। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया। वहीं जमशेद और यासीन का उपचार जारी है। उनकी स्थिति पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है। साहिल की मौत की सूचना मिलते ही शरीफपुर, लखनिया और आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ और मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। क्षेत्राधिकारी अकबरपुर नीतीश कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना में एक युवक की मृत्यु हुई है तथा अन्य लोग घायल हुए हैं। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस प्रशासन लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहा है। डिस्क्लेमर : यह समाचार स्थानीय स्रोतों, प्रत्यक्षदर्शियों से प्राप्त जानकारी तथा पुलिस अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर तैयार किया गया है। मामले की जांच अभी जारी है। किसी भी व्यक्ति को न्यायालय द्वारा दोषी सिद्ध किए जाने तक आरोपी नहीं माना जा सकता। समाचार का उद्देश्य केवल जनहित में सूचना प्रदान करना है। जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के दौरान तथ्यों में परिवर्तन संभव है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation 25 हजार का इनामी अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी का टैबलेट बरामद; जहांगीरगंज पुलिस को मिली बड़ी सफलता छिनैती की वारदात का खुलासा: सम्मनपुर पुलिस ने दो अभियुक्तों को दबोचा, ₹56,500 बरामद