बी.एड. संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर अम्बेडकरनगर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू, भारी वाहनों का रहेगा डायवर्जन

वेब पोर्टल खबर की तहतक 

अम्बेडकरनगर।

बी.एड. संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अम्बेडकरनगर पुलिस ने व्यापक यातायात प्रबंधन योजना लागू की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 31 मई 2026 को प्रातः 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक आवश्यक सेवाओं को छोड़कर भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी।

पुलिस प्रशासन के अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक सुगमता से पहुंचाने तथा शहर में यातायात दबाव कम करने के उद्देश्य से अकबरपुर, टाण्डा, जलालपुर और बसखारी थाना क्षेत्रों में यह व्यवस्था लागू की गई है।

अकबरपुर क्षेत्र में आजमगढ़ एवं बसखारी से अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों को न्यौतरिया बाईपास, गोहन्ना चौराहा, पहतीपुर श्रवण क्षेत्र और अन्नावा मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं बस्ती और टाण्डा से आने वाले भारी वाहनों को कटरिया याकूबपुर से डायवर्ट कर बाईपास मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा। नगर क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख चौराहों एवं बाईपास मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

टाण्डा क्षेत्र में अकबरपुर से आने वाले भारी वाहनों को धरमनगर पुल से राष्ट्रीय राजमार्ग-233 पर डायवर्ट किया जाएगा। साथ ही कश्मिरिया, चिन्तौरा और धुरहिया मार्गों पर हल्के एवं भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

जलालपुर क्षेत्र में अकबरपुर से आने वाले भारी वाहनों को हाथी पार्क तिराहा से मालीपुर रोड की ओर तथा रफीगंज एवं बसखारी की दिशा से आने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

बसखारी क्षेत्र में अकबरपुर से बसखारी जाने वाले भारी वाहनों को हर्रैय्या बाईपास के रास्ते आजमगढ़ रोड की ओर तथा आजमगढ़ से अकबरपुर आने वाले वाहनों को डोडो बाईपास से हर्रैय्या बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने जनपदवासियों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें तथा यातायात पुलिस एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों का सहयोग करें। इससे परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

अम्बेडकरनगर पुलिस ने कहा है कि परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी लागू की जा सकती हैं।

डिस्क्लेमर:

यह समाचार अम्बेडकरनगर पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर प्रकाशित किया गया है। यातायात व्यवस्था एवं डायवर्जन संबंधी निर्देश प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार परिवर्तित किए जा सकते हैं। वाहन चालक यात्रा से पूर्व स्थानीय यातायात पुलिस अथवा प्रशासन द्वारा जारी नवीनतम निर्देशों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button