वेब पोर्टल – खबर की तहतक ✍️ अम्बेडकरनगर/जलालपुर। जमालपुर चौराहे से अकबरपुर रोड तक प्रस्तावित सड़क एवं नाली निर्माण कार्य को लेकर बुधवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब पीडब्ल्यूडी विभाग की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची। सूत्रों के अनुसार स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों के विरोध के चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और विरोध बढ़ता देख पीडब्ल्यूडी के जेई विजय बहादुर सिंह को अपनी टीम के साथ बिना कार्य शुरू किए ही वापस लौटना पड़ा। सूत्रों के अनुसार जमालपुर चौराहे से लगभग 175 मीटर लंबाई तक, राजकुमार सोनी के मकान के पूर्वी हिस्से तक करीब 15 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण की योजना प्रस्तावित है। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी की शेष भूमि पर इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण तथा लगभग 90 सेंटीमीटर चौड़े डिवाइडर के साथ 14 मीटर चौड़ी सड़क विकसित किए जाने की योजना तैयार की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही जेई विजय बहादुर सिंह कर्मचारियों और जेसीबी मशीन के साथ अकबरपुर रोड पहुंचे, मौके पर मौजूद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष आनंद जायसवाल तथा जिला उपाध्यक्ष देवेश मिश्रा अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और विरोध कर रहे लोगों का समर्थन किया। व्यापार मंडल पदाधिकारियों का आरोप है कि लगभग छह माह पूर्व भी इसी क्षेत्र में नाली निर्माण कार्य कराया गया था और अब उसी हिस्से को दोबारा तोड़कर पुनः निर्माण कराने की तैयारी की जा रही है। व्यापारियों ने आशंका जताई कि इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की संभावना पैदा होती है। साथ ही उनका कहना था कि बरसात का मौसम निकट है और यदि इस समय नाली की खुदाई कर दी गई तो जल निकासी प्रभावित होने से लोगों के घरों में पानी घुसने की समस्या खड़ी हो सकती है। सूत्रों के अनुसार मौके पर मौजूद कई लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि क्षेत्र में जहां वास्तविक जाम और यातायात की समस्या है, वहां समाधान की जगह दूसरी दिशा में कार्यवाही की जा रही है। लोगों का कहना था कि “समस्या कहीं और है और समाधान कहीं और तलाशा जा रहा है।” विरोध के दौरान व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष आनंद जायसवाल ने व्यापारियों और मकान मालिकों से कहा कि यदि भविष्य में कोई विभागीय अधिकारी या कर्मचारी यहां निर्माण कार्य कराने आता है तो उससे ₹100 के स्टांप पेपर पर कार्य पूरा करने की समय सीमा लिखवाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित मामले को न्यायालय तक ले जाने पर भी विचार किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि बीते कुछ दिनों पूर्व जमालपुर चौराहे से अकबरपुर रोड की ओर सड़क किनारे तोड़फोड़ की कार्रवाई भी हुई थी, जिसके बाद कई प्रभावित लोग अब तक अपने निर्माण कार्य पूरे नहीं करा सके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक बार फिर तोड़फोड़ और खुदाई की आशंका ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पूरे मामले ने स्थानीय स्तर पर नया विवाद खड़ा कर दिया है और अब लोगों की निगाहें प्रशासन एवं पीडब्ल्यूडी विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। डिस्क्लेमर : यह समाचार स्थानीय लोगों, प्रत्यक्षदर्शियों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों एवं सूत्रों से प्राप्त जानकारी पर आधारित है। समाचार में व्यक्त आरोप, दावे एवं आशंकाएं संबंधित पक्षों के कथन हैं। खबर की तहतक स्वतंत्र रूप से इन दावों, सरकारी धन के दुरुपयोग अथवा निर्माण योजना संबंधी तथ्यों की पुष्टि नहीं करता है। विभागीय अथवा प्रशासनिक पक्ष का आधिकारिक बयान प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation पति से विवाद के बाद महिला से दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, नीलगाय से टकराई बाइक; गांव में पसरा मातम