खबर की तहतक ✍️ अम्बेडकरनगर। जनपद अम्बेडकरनगर के थाना सम्मनपुर क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और थाना सम्मनपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में मृतक के पुत्र को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, यह घटना थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानगढ़ दाउदपुर की है, जहां 17 मई को जयराम का शव उनके घर के बाहर चारपाई के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का परीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस के संदेह की सुई मृतक के पुत्र प्रमोद कुमार की ओर घूमी। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह लगभग 4:40 बजे दाउदपुर मोड़ से प्रमोद कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने कथित रूप से बताया कि उसका अपने पिता से अक्सर विवाद होता था और सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने से वह मानसिक रूप से आक्रोशित रहता था। इसी नाराजगी के चलते उसने कथित रूप से लोहे की पाइप से वार कर अपने पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद कर ली है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। जिस पिता ने जीवनभर बेटे का हाथ थामा, उसी पर बेटे द्वारा हत्या किए जाने के आरोप ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना एक बार फिर रिश्तों में बढ़ती दूरियों और पारिवारिक तनाव पर सवाल खड़े करती दिखाई दे रही है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। डिस्क्लेमर: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट एवं उपलब्ध आधिकारिक जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति पर लगाए गए आरोप पुलिस जांच एवं विवेचना का हिस्सा हैं। किसी भी आरोपी को न्यायालय द्वारा दोष सिद्ध होने तक दोषी नहीं माना जाता। न्यायिक प्रक्रिया के दौरान तथ्यों में परिवर्तन संभव है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation क्या बिना वैध चिकित्सीय योग्यता के चल रहा क्लिनिक? स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल, स्वस्थ्य विभाग की भूमिका पर भी चर्चा सड़क पर नमाज नहीं होने देंगे, जरूरत हो तो शिफ्ट में पढ़ें: सीएम योगी आदित्यनाथ