खबर की तहतक ✍️ अम्बेडकरनगर/अकबरपुर जनपद के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अहरिया में एक महिला को कुल्हाड़ी लेकर दौड़ाने और जानलेवा हमला करने के प्रयास का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में आरोपी ने थाना परिसर के पास संदिग्ध सफेद पदार्थ खाकर आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार 06 मई 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम अहरिया निवासी एक व्यक्ति कुल्हाड़ी लेकर एक महिला को दौड़ा रहा है। सूचना मिलते ही थाना अकबरपुर पुलिस एवं पीआरवी टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां से भाग निकला। जांच में उसकी पहचान रंजीत उर्फ शैलेश निवासी ग्राम अहरिया, थाना अकबरपुर के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले से ही थाना अकबरपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 240/2026 में नामजद अभियुक्त है। आरोप है कि उसने पीड़िता के घर पहुंचकर कुल्हाड़ी से हमला करने का प्रयास किया था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना के कुछ समय बाद आरोपी शराब के नशे में थाना अकबरपुर के पास पहुंचा और अपनी जेब से निकाला गया सफेद पाउडर खा लिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। इस मामले में पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में नया अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) नितीश कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation आधी रात अंडरकवर ऑपरेशन: महिला बनकर सड़क पर खड़ी रहीं पुलिस आयुक्त, 40 लोगों ने किया परेशान ज़रूरतमंद परिवार की बेटी की शादी में आगे आया नारायण फ़ाउंडेशन, गृह उपयोगी सामान देकर की मदद