खबर की तहतक ✍️ (वेब पोर्टल) अम्बेडकर नगर अम्बेडकर नगर जनपद के जलालपुर क्षेत्र से एक राहत भरी खबर सामने आई है, जहां स्कूली बच्चों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी बच्चे, चालक व स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डायनेमिक एकैडमी ऑफ साइंस की स्कूली बस सुबह बच्चों को लेकर स्कूल के लिए कर्बला से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान गौसपुर ककरहिया की तरफ से आ रही एक स्कूटी सवार महिला अचानक मुख्य सड़क पर आ गई, जिससे बस चालक का संतुलन बिगड़ गया। बस अनियंत्रित होकर सड़क के दाहिनी ओर पेड़ से जाकर टिक गई। घटना के बाद बस में सवार बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास के स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। सभी बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली जब यह स्पष्ट हुआ कि किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। विद्यालय संचालक अखिलेश मिश्रा ने बताया कि “इस घटना में किसी प्रकार की कोई अनहोनी नहीं हुई है। बस पूरी तरह सुरक्षित है और उसमें सवार सभी बच्चे, चालक व खलासी सकुशल हैं।” हालांकि, यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी की ओर इशारा करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। यदि समय रहते सख्ती और जागरूकता नहीं बढ़ाई गई, तो भविष्य में बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। यह घटना भले ही बिना किसी नुकसान के टल गई, लेकिन इसने अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों को झकझोर कर रख दिया है। सभी ने एक स्वर में सड़क सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन और प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation आसमानी बिजली गिरने से युवक की दर्दनाक मौत, संजरपुर में पसरा मातम मिशन शक्ति पुलिस की तत्परता से गुमशुदा महिलाएं व बच्चे सकुशल बरामद, परिजनों में खुशी