खबर की तहतक ✍️ अम्बेडकरनगर। प्रदेश के युवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दिनांक 07 अप्रैल 2026 को बाबा बरुआ दास पी.जी. कॉलेज में “AI FOR ALL” (सबके लिए एआई) विषय पर एक विशेष विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना तथा उन्हें नवीनतम डिजिटल तकनीकों से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के उप-प्राचार्य प्रो. पवन कुमार गुप्त ने अपने संबोधन में आधुनिक युग में AI की बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह तकनीक पूरी दुनिया को “विश्वग्राम” में परिवर्तित कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे समय के साथ कदम मिलाते हुए AI जैसी उन्नत तकनीकों को अपनाएं और अपने कौशल को विकसित करें। वहीं वक्ता के रूप में उपस्थित श्री अखिलेश कुमार यादव ने AI के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में AI केवल एक तकनीक नहीं, बल्कि जीवन के लगभग हर क्षेत्र की आवश्यकता बन चुकी है। साइबर सुरक्षा, सेना, विज्ञान, चिकित्सा तथा डिफेंस जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में AI के प्रयोग से जटिल कार्य सरल और प्रभावी हो गए हैं। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को शासन की महत्वपूर्ण पहल “AI for All” कार्यक्रम के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देने हेतु महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MPIT), टाटा फाउंडेशन तथा महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। महाविद्यालय प्रशासन ने प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से अपील की कि वे इस वृहद कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करें। साथ ही सभी को निर्देशित किया गया कि वे शासन द्वारा जारी लिंक (https://iur.ls/MPIT_AI) पर जाकर 09 अप्रैल 2026, दोपहर 12:00 बजे तक अपना पंजीकरण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में डॉ. राजेश कुमार उपाध्याय, डॉ. अराधिका, प्रतिमा कुमारी मौर्य, डॉ. गुंजन सिंह एवं डॉ. साजेदा सिद्दीकी सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation मेडिकल कॉलेज में 20 केएल लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट का ट्रायल शुरू, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया संबल जिलाधिकारी ने फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की समीक्षा की