जलालपुर, अम्बेडकर नगर | खबर की तह तक वेब पोर्टल थाना मालीपुर क्षेत्र में मारपीट और चाकूबाजी के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे दो वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अम्बेडकर नगर के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध व अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत की गई। लेकिन इस कार्रवाई ने इलाके में शांति लौटाने के साथ-साथ कई अहम सवाल भी खड़े कर दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मालीपुर में पंजीकृत मुकदमा संख्या 286/25, धारा 115(2)/352/351(3)/109(1) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त आदर्श मिश्र पुत्र अनिल मिश्र एवं शुभम मिश्र पुत्र ओमप्रकाश मिश्र, निवासी ग्राम बरैली आशानंदपुर, थाना मालीपुर, जनपद अम्बेडकर नगर लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। पुलिस लगातार इनकी तलाश में दबिश दे रही थी। सोमवार की शाम झारखंडी मंदिर के पास चाकूबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पता चला कि दोनों अभियुक्त झारखंडी चौराहे से हमजापुर मार्ग पर स्थित सफेदा की बाग में छिपे हुए हैं और फरार होने की फिराक में हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मंगलवार सुबह करीब 09:05 बजे मौके पर पहुंचकर दोनों अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास इसी मामले से जुड़ा हुआ है और घटना में इनकी भूमिका गंभीर बताई जा रही है। हालांकि खबर की तहतक वेब पोर्टल यह सवाल उठाता है कि— आखिर चाकूबाजी जैसी घटनाएं थाना मालीपुर क्षेत्र में क्यों बढ़ रही हैं? क्या ऐसे अपराधियों को पहले ही रोका जा सकता था? क्या क्षेत्र में पुलिस की गश्त और निगरानी पर्याप्त है या अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं? और सबसे बड़ा सवाल, क्या गिरफ्तारी के बाद ऐसे अपराधों पर वास्तव में लगाम लग पाएगी? इस पूरी कार्रवाई को थाना मालीपुर पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुशील कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल आशीष शुक्ला, संजय यादव एवं विशाल त्रिपाठी शामिल रहे। पुलिस टीम की तत्परता से एक बड़ी घटना टलने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी हैं, लेकिन जनता की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या कानून का डर अपराधियों के मन में कायम हो पाएगा या फिर ऐसे मामले दोहराए जाते रहेंगे। खबर की तहतक वेब पोर्टल इस मामले से जुड़े हर पहलू पर नजर बनाए हुए है और सच को बेबाकी से सामने लाता रहेगा। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation नगर पालिका के निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार की जांच, अधिशासी अभियंता के निरीक्षण से मचा हड़कंप अटल जी की जयंती पूर्व संध्या पर जलालपुर में दीपोत्सव, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नगर