जलालपुर, अम्बेडकर नगर | खबर की तहतक वेब पोर्टल नगर पालिका क्षेत्र में कराए जा रहे निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों ने अब प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र चौधरी द्वारा जलालपुर पहुंचकर किए गए औचक निरीक्षण ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, नगर पालिका क्षेत्र में सड़कों, नालियों और अन्य विकास कार्यों में घटिया सामग्री के प्रयोग और मानकों की अनदेखी की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही थीं। वर्तमान भाजपा नगर अध्यक्ष देवेश मिश्रा द्वारा इन अनियमितताओं को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही थी। अंततः आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के बाद विभाग को जांच के लिए मौके पर उतरना पड़ा। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता शैलेंद्र चौधरी ने विभिन्न निर्माण स्थलों पर पहुंचकर ईंटों, सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की गहन जांच की। इस दौरान ठेकेदारों और नगर पालिका से जुड़े जिम्मेदार कर्मचारियों में बेचैनी साफ नजर आई। सवाल यह उठता है कि यदि निर्माण कार्य पूरी तरह नियमों के अनुसार थे, तो फिर जांच के नाम से इतना डर क्यों? अधिशासी अभियंता ने खबर की तह तक वेब पोर्टल से बातचीत में स्पष्ट किया कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं तो संबंधित ठेकेदारों के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता के धन से हो रहे कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब सबसे बड़ा सवाल जनता के मन में यह है कि— क्या नगर पालिका क्षेत्र में वर्षों से घटिया निर्माण कार्यों को नजरअंदाज किया जाता रहा है? क्या बिना अंदरूनी मिलीभगत के मानकों की खुलेआम अनदेखी संभव है? और यदि खामियां पहले से मौजूद थीं, तो अब तक जिम्मेदार अधिकारियों ने मौन क्यों साधे रखा? जांच के बाद नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण कार्यों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। बताया जा रहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। लेकिन जनता यह जानना चाहती है कि क्या यह जांच वास्तव में दोषियों तक पहुंचेगी या फिर यह भी फाइलों में दबकर रह जाएगी? खबर की तहतक वेब पोर्टल इस पूरे मामले की परत-दर-परत पड़ताल करता रहेगा और जनता से जुड़े हर सवाल को जिम्मेदारों के सामने बेबाकी से उठाता रहेगा। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation भीषण ठंड में प्रशासन की संवेदनशील पहल, उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल चाकूबाजी कांड में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार, क्या मालीपुर में बढ़ रही आपराधिक हिंसा?