खबर की तहतक

कटका अम्बेडकर नगर।

जनपद के थाना कटका क्षेत्र में गोवध के उद्देश्य से गोवंश पशुओं के अवैध परिवहन का एक गंभीर मामला सामने आया है। खबर की तह तक वेब पोर्टल को प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कटका पुलिस टीम ने तत्पर कार्रवाई करते हुए इस अवैध गतिविधि में संलिप्त कुल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है तथा तीन पिकअप वाहनों में लदे तीन गोवंश पशुओं को सकुशल बरामद किया है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन एवं पुलिस महानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र द्वारा अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत, पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी/पूर्वी के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी जलालपुर के नेतृत्व में की गई।

मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी

पुलिस के अनुसार दिनांक 19 दिसंबर 2025 को थाना कटका पुलिस टीम क्षेत्र भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम नूरपुरकला (रामापुर) सर्विस रोड तालाब के पास गोवध हेतु गोवंश पशुओं को पिकअप वाहनों में लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन अलग-अलग पिकअप वाहनों से तीन गोवंश पशुओं को बरामद करते हुए सात अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि एक पिकअप वाहन पर लगी नंबर प्लेट के रजिस्ट्रेशन नंबर में भिन्नता पाई गई, जिससे वाहन की वैधता पर संदेह और गहरा गया।

गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

इस संबंध में थाना कटका पर मु0अ0सं0 243/25 के तहत धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम तथा 318(4)/338/336(3)/340(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

शातिर अभियुक्त का आपराधिक इतिहास उजागर

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त आबिद अहमद उर्फ पप्पू पुत्र लूटन नट का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं आर्म्स एक्ट के तहत मऊ, आजमगढ़ एवं अयोध्या जनपदों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

कानून व्यवस्था पर सख्ती

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोवध जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ जनपद में सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

खबर की तह तक वेब पोर्टल ऐसे ही जनहित से जुड़ी, प्रमाणिक और विधिसंगत खबरों को सबसे पहले आप तक पहुंचाता रहेगा।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button