खबर की तहतक ✍️ गोरखपुर। होली के रंग में रंगे माहौल के बीच गोरखपुर में आयोजित होलिका दहन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर अपने चिर-परिचित हल्के-फुल्के अंदाज में नजर आए। मंच से उन्होंने गोरखपुर के सांसद रवि किशन और कालीबाड़ी के महंत रविंद्र दास जी महाराज को लेकर चुटकी ली, जिस पर पूरा पंडाल ठहाकों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने कहा कि होली का त्योहार आपसी मनमुटाव मिटाकर लोगों को जोड़ने का संदेश देता है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “देखिए, सांसद रवि किशन और कालीबाड़ी के महंत जी में पहले 36 का आंकड़ा था, लेकिन आज दोनों एक ही मंच पर साथ खड़े हैं।” यह सुनते ही मंच पर मौजूद दोनों ही शख्सियतें हंस पड़ीं। “रवि किशन तो नाच-गा कर कमा लेंगे…” सीएम योगी ने आगे मजाकिया अंदाज में कहा, “रवि किशन का क्या है, वह तो नाच-गा कर कमा लेंगे। लेकिन कालीबाड़ी वाले बाबा का क्या होगा? व्यापार होगा तभी आय होगी।” उनके इस बयान के साथ ही कार्यक्रम स्थल पर हंसी का माहौल बन गया। मुख्यमंत्री ने पांडेयहाता क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यहां की गलियां संकरी थीं और व्यापार प्रभावित हो रहा था। अब सड़कों और गलियों को चौड़ा किया जा रहा है, जिससे व्यापार को गति मिलेगी और स्थानीय व्यापारियों की आय बढ़ेगी। भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा में भी हुए शामिल तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार शाम पारंपरिक भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा में शामिल हुए। उन्होंने आरती उतारी और लोगों के साथ फूलों की होली खेली। कार्यक्रम में उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत में बोले रवि किशन कार्यक्रम से पहले सांसद रवि किशन ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि वे सिंगापुर और जापान की यात्रा से लौटे हैं, इसलिए स्वागत में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने डीजे से ‘रंग बरसे भीगे चुनरवाली’ गाना बजाने की भी बात कही, जिस पर लोग हंस पड़े। मुख्यमंत्री ने भी मुस्कुराते हुए कहा कि सांसद ने होली का अधूरा गीत सुनाया है। होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और सांसद की यह दोस्ताना नोकझोंक एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation सबसे बड़ी रिफाइनरी बंद, सबसे बड़ा गैस प्लांट ठप… ईरान ने सऊदी-कतर की ‘ताकत’ को किया तबाह पुलिस लाइन अम्बेडकरनगर में पारंपरिक विधि-विधान से हुआ होलिका दहन, एसपी अभिजीत आर शंकर ने दी होली की शुभकामनाएं