खबर की तहतक ✍️ अम्बेडकरनगर, 21 फरवरी 2026। आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ एवं शान्तिपूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सोमेन वर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक, अयोध्या रेंज ने की। जनपद आगमन पर डीआईजी का स्वागत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ल तथा पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इसके पश्चात उन्हें पुलिस गार्द द्वारा सलामी दी गई। बैठक में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक के दौरान डीआईजी ने निर्देश दिया कि त्यौहारों के दौरान संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने फुट पेट्रोलिंग और मिश्रित गश्त बढ़ाने के साथ-साथ सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय धर्मगुरुओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर आपसी सौहार्द बनाए रखने, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग करने तथा सीसीटीवी कैमरों की सक्रिय निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने हेतु आवश्यक प्रबंधन करने के निर्देश भी दिए गए। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग कर त्यौहारों को सकुशल सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए। जनपद पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि त्यौहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। Post Views: 354 Post navigation बोर्ड परीक्षा के दौरान बिजली बाधित होने से कई केंद्रों पर परीक्षार्थियों को हुई परेशानी, विभाग ने सुधार का दिया आश्वासन किछौछा दरगाह में डीआईजी व एसपी ने किया पैदल गश्त, त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा