खबर की तहतक ✍️| गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद-फिल्म अभिनेता रवि किशन शुक्ल जब एक मंच पर होते हैं, तो माहौल हल्का-फुल्का हो ही जाता है। ऐसा ही नज़ारा शुक्रवार को गोरखपुर महानगर में पांचवें कल्याण मंडपम के लोकार्पण समारोह के दौरान देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद रवि किशन पर चुटकी ली और पूरा पंडाल ठहाकों से गूंज उठा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कल्याण मंडपम की उपयोगिता बताते हुए कहा कि हर परिवार चाहता है कि मांगलिक कार्यक्रम धूमधाम से हों, लेकिन “हर कोई रवि किशन तो है नहीं कि रोज विवाह कर ले।” मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर सभागार में मौजूद लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए और खुद रवि किशन भी मुस्कुराते नजर आए। हंसी का सिलसिला यहीं नहीं थमा। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आम व्यक्ति न तो महंगे होटल या मैरिज हॉल बुक कर सकता है और न ही फिल्मों की तरह भव्य ‘शीशमहल’ बनवा सकता है। इस पर एक बार फिर पंडाल ठहाकों से गूंज उठा। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज़ में कहा कि मांगलिक कार्यक्रम रोज-रोज नहीं होते, इसलिए आम लोगों को सुलभ और व्यवस्थित स्थान मिलना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने मंच से श्रोताओं से यह भी पूछा कि सांसद क्षेत्र में नियमित आते हैं या नहीं। भीड़ से सकारात्मक जवाब मिलने पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें इसकी जानकारी है, इसी वजह से वे रवि किशन को कम से कम साल में एक बार क्षेत्र में आने की सलाह देते रहते हैं। यह संवाद भी लोगों के बीच हंसी और तालियों का कारण बना। इससे पहले सांसद रवि किशन शुक्ल ने मुख्यमंत्री के स्वागत में संबोधन के दौरान सिंगापुर के विकास से जुड़ा एक प्रसंग साझा किया, जिसे श्रोताओं ने रुचि के साथ सुना। कार्यक्रम का माहौल हास्य, संवाद और जनसरोकारों से जुड़ी बातों के बीच सौहार्दपूर्ण बना रहा। मुख्यमंत्री की सहज टिप्पणी और सांसद की प्रतिक्रिया ने समारोह को यादगार बना दिया Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation प्रतापगढ़ में दिल दहला देने वाला हादसा: चलती कार पर गिरी पेट्रोल पंप की होर्डिंग, सपा नेता लाल बहादुर यादव की मौत श्रद्धा का सैलाब: शीतला माता मंदिर में उमड़े भक्त, भव्य आरती और शिव–पार्वती विवाह ने बांधा समां