खबर की तहतक ✍️ लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली, महाशिवरात्रि और रमजान सहित आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शांति भंग करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। बुधवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी मंडलों, पुलिस जोन, रेंज और जनपदों के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। बैठक में आगामी त्योहारों, बोर्ड परीक्षाओं और अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2 से 4 मार्च तक होली का पर्व मनाया जाएगा, जिसमें ब्रज क्षेत्र समेत पूरे प्रदेश में उत्सव का माहौल रहेगा। ऐसे में शोभायात्राओं और सार्वजनिक आयोजनों में उपद्रवी तत्वों की घुसपैठ किसी भी कीमत पर न होने पाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि “रंग में भंग डालने वालों और उन्माद फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।” होलिका दहन और सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी सीएम योगी ने निर्देश दिए कि होलिका दहन केवल परंपरागत स्थलों पर ही कराया जाए और सड़क के बीच किसी भी स्थिति में दहन न किया जाए। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाली पोस्ट और भ्रामक सूचनाओं पर सतत निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए। महाशिवरात्रि व कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट मुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि के अवसर पर वाराणसी, मेरठ, लखीमपुर खीरी और बाराबंकी सहित प्रमुख जिलों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 14 और 15 फरवरी को प्रमुख शिवधामों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुगम दर्शन, यातायात, पार्किंग, महिला सुरक्षा और आपात स्थितियों से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें 24 घंटे सक्रिय रहें। मंदिर परिसरों में पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी प्रकार की दुर्घटना रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया। बोर्ड परीक्षाएं नकलविहीन कराने के निर्देश मुख्यमंत्री ने कहा कि 18 फरवरी से शुरू हो रही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह नकलविहीन हों। परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यातायात जाम के स्थायी समाधान, रात 10 बजे के बाद डीजे और तेज ध्वनि उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी दिए। नई परंपरा की अनुमति नहीं रमजान और संभावित रूप से 21 मार्च को ईद के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने धर्मगुरुओं से निरंतर संवाद बनाए रखने और किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पर्व आपसी सौहार्द, शांति और कानून के दायरे में मनाए जाएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो टूक कहा कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation Ambedkar Nagar News: भीटी पुलिस और SOG की बड़ी कार्रवाई, 43 किलो से अधिक गांजा बरामद; 3 तस्कर गिरफ्तार, 2 फरार नीचे से दौड़ेंगी गाड़ियां, ऊपर से गुजरेंगे जंगली जानवर , जंगल के बीच बनेगा भारत का सबसे आधुनिक हाईवे, NHAI की अनोखी पहल