खबर की तह तक | संवाददाता-पुनीत दूबे अम्बेडकरनगर। खुशगवार और उत्साहपूर्ण माहौल में प्रसिद्ध कवि, साहित्यकार एवं शिक्षाविद तथा श्री विद्या प्रसाद मिश्र बालिका विद्यालय, हुसैनपुर खुर्द के संस्थापक विद्या प्रसाद मिश्र (वी.पी. मिश्र) का 91वां जन्मदिवस समारोह भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, साहित्यकार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। जन्मदिवस समारोह के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं आलापुर विधायक त्रिभुवन दत्त रहे। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन व पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा कवि विद्या प्रसाद मिश्र को माल्यार्पण कर उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। विद्यालय के प्रबंधक एवं मंत्री अनिल कुमार मिश्र, संरक्षक दीपक मिश्र, परमेश्वरपुर की ग्राम प्रधान तारा मिश्रा व उनके पति प्रमोद कुमार मिश्र, तथा प्रधानाचार्या सरोज पाण्डेय ने विधायक त्रिभुवन दत्त का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर विधायक त्रिभुवन दत्त ने अपने संबोधन में कहा कि “अशिक्षा समस्त अभावों की जननी है। शिक्षा के बिना कोई भी व्यक्ति जीवन में बेहतर मुकाम हासिल नहीं कर सकता। शिक्षा शेरनी का वह दूध है, जिसे जितना पिया जाए, उतनी ही अधिक दहाड़ आती है।” उन्होंने विद्यालय के विकास एवं शिक्षण कक्षों के निर्माण हेतु विधायक क्षेत्र विकास निधि से 10 लाख रुपये दिए जाने की घोषणा कर उपस्थित जनसमूह की सराहना बटोरी। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने मौजूद मीडिया कर्मियों के साथ-साथ तीन महिलाओं को भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक गायक अनादि उपाध्याय, सौरभ शुक्ल गर्ग, लोक गायिका सुषमा वर्मा एवं प्रदीप तिवारी की टीम द्वारा प्रस्तुत गीतों ने समां बांध दिया। वहीं विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कृष्ण-सुदामा मिलन एकांकी सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशिष्ट अतिथियों में कोयलसा ब्लॉक प्रमुख संतोष यादव, पिंकू सिंह, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता, रामनगर मंडल अध्यक्ष माया अग्रहरि, पूर्व प्रबंधक प्रमोद गुप्ता, कांग्रेस जिला महासचिव राजीव गुप्ता, सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शिक्षा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए संस्थापक विद्या प्रसाद मिश्र को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। कवि रामदरश पाण्डेय ‘विश्वासी’ ने अपनी ओजपूर्ण रचनाओं से कार्यक्रम में साहित्यिक रंग भर दिया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रामचन्द्र वर्मा, एडवोकेट अजय कुमार गौतम, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रजनीकांत यादव, सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, क्षेत्रीय सम्भ्रांत नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में अनिल मिश्र, प्रमोद मिश्र, दीपक मिश्र, सरोज पाण्डेय एवं सुधा शुक्ला ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। — खबर की तहतक Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत टांडा में हेलमेट वितरण कार्यक्रम, डीएम–एसपी ने किया जागरूक बसखारी पुलिस ने इन्वर्टर–बैटरी चोरी के शातिर चोर को किया गिरफ्तार, 7 बैटरी व 3 इन्वर्टर बरामद