खबर की तह तक | अम्बेडकरनगर जलालपुर (अम्बेडकरनगर)। राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को ब्लॉक परिसर जलालपुर में “मनरेगा बचाओ अभियान” के अंतर्गत कांग्रेस द्वारा एक चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विधानसभा जलालपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में किया गया, जिसकी अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि ने की। चौपाल को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता बृजेश सिंह यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मजदूरों के संवैधानिक अधिकारों का लगातार हनन कर रही है। मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना, जिसे कांग्रेस सरकार ने ग्रामीण विकास और गरीब मजदूरों को रोजगार देने के उद्देश्य से शुरू किया था, उसे कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। 100 दिन का रोजगार भी नहीं दे पा रही सरकार बृजेश सिंह यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बीते 12 वर्षों से सत्ता में होने के बावजूद मजदूरों को 100 दिन का रोजगार भी सुनिश्चित नहीं कर पाई है। अब 125 दिन रोजगार देने के दावे केवल जनता को भ्रमित करने का माध्यम हैं। सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि औसतन मजदूरों को मात्र 50 दिनों का ही रोजगार मिल पा रहा है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है। मनरेगा के बजट में कटौती का आरोप उन्होंने यह भी कहा कि पहले मनरेगा में 90 प्रतिशत धन केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाता था, जिसे घटाकर अब 60 प्रतिशत कर दिया गया है। शेष 40 प्रतिशत की जिम्मेदारी राज्य सरकारों पर डाल दी गई है, जिससे योजना का प्रभाव कमजोर होता जा रहा है। कांग्रेस नेता ने इसे मजदूर विरोधी नीति करार दिया। नाम बदलने पर जताई आपत्ति कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा का नाम बदलकर “राम जी” किए जाने के प्रस्ताव को भी अनुचित बताया। बृजेश सिंह यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर मजदूरी करवाना धार्मिक आस्था का अपमान है और कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है। आंदोलन की चेतावनी चौपाल में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि मजदूरों के अधिकारों के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि सरकार ने मनरेगा को कमजोर करने के फैसले वापस नहीं लिए, तो कांग्रेस पार्टी गांव-गांव चौपाल लगाकर व्यापक आंदोलन करेगी। कार्यक्रम में रहे उपस्थित कार्यक्रम में राजकुमार अग्रहरि (ब्लॉक अध्यक्ष), मुन्नीलाल (प्रदेश सचिव, सहकारिता प्रकोष्ठ), बृजेश सिंह यादव (प्रदेश सचिव, सोशल मीडिया), सुनील सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील मिश्रा, राकेश वर्मा (जिला महासचिव), अबू सहमा, राजनाथ दुबे, विवेक कुमार, वीर बहादुर, मोहम्मद इस्लाम, मिठाई लाल, बिंदेश कुमार पाल, प्रेम तिवारी, पियूष विश्वकर्मा, अजय कुमार वर्मा, जयकेस वर्मा (प्रदेश सचिव, ओबीसी), पारसनाथ, मुर्तजा हुसैन, दिलीप कुमार, विक्रम पाल, राम प्रकाश निषाद, रामधारी निषाद, शिवम यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। ✍️ रिपोर्ट: खबर की तह तक | अम्बेडकरनगर Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation वाराणसी लोकसभा के रोहनिया विधानसभा के अंतर्गत एमएलसी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने विभिन्न सड़को का किया शिलान्यास* रजिस्ट्री में फर्जीवाड़ा रोकने को नई व्यवस्था, 1 फरवरी से आरडी थंब मशीन से होगा आधार सत्यापन