खबर की तहतक न्यूज नेटवर्क अकबरपुर, अम्बेडकरनगर। आराध्या श्री फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित सड़क सुरक्षा सद्भावना कप के मुकाबले में डॉक्टर्स इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रधान संघ इलेवन अम्बेडकरनगर को 56 रनों से पराजित कर दिया। जेएसआर क्रिकेट एकेडमी अकबरपुर के मैदान पर खेले गए मुकाबले में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में डॉक्टर्स इलेवन का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। टॉस जीतकर डॉक्टर्स इलेवन के कप्तान डॉ. जी.डी. वर्मा ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 16 ओवर में 8 विकेट खोकर 180 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। हेमंत सिंह पालीवाल ने मचाई धूम डॉक्टर्स इलेवन की ओर से मध्यक्रम के बल्लेबाज हेमंत सिंह पालीवाल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 24 गेंदों में 7 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 59 रन की शानदार पारी खेली। वहीं डॉ. अभिनीत ने 18 गेंदों में 3 छक्के और 3 चौकों की मदद से 41 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज डॉ. साजन देव केशर ने 26 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रधान संघ इलेवन की ओर से विनय यादव ने 3 विकेट, जबकि अमिताभ और अजय ने 2-2 विकेट तथा मो. शरीफ ने 1 विकेट हासिल किया। 124 रन पर सिमटी प्रधान संघ इलेवन 180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रधान संघ इलेवन अम्बेडकरनगर की टीम निर्धारित 16 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 124 रन ही बना सकी। बड़े लक्ष्य के दबाव में टीम शुरुआत से ही अपेक्षित रन गति हासिल नहीं कर सकी। डॉक्टर्स इलेवन के तेज गेंदबाज डॉ. सिद्धांत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम के मध्यक्रम को झकझोर दिया और चार महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। प्रधान संघ इलेवन के लिए सलामी बल्लेबाज विनय सिंह ने एक छोर संभालते हुए 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 45 रन बनाए। अंतिम ओवरों में आलोक ने 20 और राहुल ने 14 रन बनाकर टीम को संभालने का प्रयास किया, लेकिन लक्ष्य तक नहीं पहुंच सके। डॉक्टर्स इलेवन की ओर से डॉ. सिद्धांत के अलावा डॉ. अनीश, डॉ. उत्कर्ष सिंह, डॉ. आमोद और डॉ. अभिनीत ने एक-एक विकेट हासिल किया। सड़क सुरक्षा का दिया संदेश मैच के मुख्य अतिथि डॉ. राजेश गुप्ता, नेत्र रोग विशेषज्ञ, अकबरपुर रहे। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को जल्दबाजी में घर से नहीं निकलना चाहिए और संभव हो तो अपने गंतव्य के लिए समय से पहले निकलना चाहिए, ताकि वाहन को नियंत्रित गति से चलाया जा सके। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है और हार से आगे बढ़ने की सीख मिलती है। इस तरह के खेल आयोजनों से लोगों में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलती है। खिलाड़ियों को मिले पुरस्कार मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए डॉ. सिद्धांत को प्लेयर ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार दिया गया। वहीं डॉ. हेमंत सिंह पालीवाल को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, डॉ. साजन देव केशर को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर तथा अमिताभ यादव को सर्वश्रेष्ठ फील्डर का पुरस्कार मिला। मैच में अजय श्रीवास्तव और डॉ. एस.एम. बाकिर ने अंपायर एवं कमेंटेटर की भूमिका निभाई। विक्रम सिंह और गौरव ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर मानसिंह, डॉ. चंद्रभान, डॉ. प्रवेश वर्मा, आशीष प्रेम मिश्रा, विमल, धनजीत, राधे सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। आराध्या श्री फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस आयोजन का उद्देश्य खेल के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक करना है। खबर की तहतक खेल, समाज और जनजागरूकता से जुड़ी खबरों को तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष रूप से आप तक पहुंचाने का प्रयास। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation अकबरपुर पुलिस की कार्रवाई: वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, अपहृता सकुशल बरामद सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी गईं समस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश