अंबेडकरनगर में सनसनी: लखनऊ में तैनात SP की मां का मिला शव, मची खलबली

खबर की तहतक  : निष्पक्ष खबर,तथ्य के साथ

अंबेडकरनगर।

मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरुआ गांव में 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका लखनऊ में तैनात एक पुलिस अधीक्षक की मां बताई जा रही हैं। बताया गया कि बुजुर्ग महिला घर पर अकेली रहती थीं और उनकी देखभाल के लिए एक दाई आती-जाती थी।

16 अगस्त को पुलिस को पहले महिला की मौत हार्ट अटैक से होने की सूचना मिली। लेकिन बाद में उनके बेटे आशुतोष मिश्रा ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और यह भी बताया कि महिला के शरीर पर मौजूद रहने वाले आभूषण गायब हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया शरीर पर कोई जाहिरा चोट अथवा संघर्ष के निशान नहीं मिले। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां तीन चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया।

पोस्टमार्टम के दौरान मृत्यु के कारण को लेकर विसरा सुरक्षित किया गया है। साथ ही हृदय को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भेजे जाने की बात पुलिस ने कही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मौत वास्तव में कार्डियक अटैक से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

मौत ने छोड़े कई सवाल

95 वर्ष की उम्र में एक बुजुर्ग महिला का घर पर अकेले रहना अपने आप में चिंता का विषय है। परिवार की ओर से देखभाल के लिए दाई की व्यवस्था थी, लेकिन अब मौत के बाद आभूषणों के गायब होने की बात सामने आने से जांच का दायरा बढ़ गया है।

यहां सवालों की कमी नहीं—मौत स्वाभाविक थी तो आभूषण कहां गए? अगर मौत संदिग्ध है तो घटनास्थल पर संघर्ष के निशान क्यों नहीं मिले? और आखिर पोस्टमार्टम तथा वैज्ञानिक जांच की रिपोर्ट क्या कहानी बताएगी?

फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस जांच और वैज्ञानिक रिपोर्टों के बाद ही सामने आएगा। सोशल मीडिया की अदालत में फैसला सुनाने से पहले जांच एजेंसियों की रिपोर्ट का इंतजार करना ही उचित होगा।

संवेदना भी, सवाल भी… लेकिन फैसला जांच के बाद

यह मामला केवल एक संदिग्ध मौत की खबर नहीं, बल्कि 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मृत्यु से जुड़ा बेहद संवेदनशील विषय है। ऐसे में खबर का उद्देश्य किसी व्यक्ति को दोषी ठहराना नहीं, बल्कि सामने आए तथ्यों और पुलिस के आधिकारिक बयान को जनता तक पहुंचाना है।

आईए जानते हैं क्या कुछ कह रही है पुलिस अधीक्षक महोदया अंबेडकर नगर 👇

कानून अपना काम कर रहा है। अब देखना यह है कि पोस्टमार्टम, विसरा और हिस्टोपैथोलॉजी की रिपोर्ट इस मौत की गुत्थी को सुलझाती है या फिर जांच के सामने नए सवाल खड़े करती है।

डिस्क्लेमर :

यह खबर पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी, पुलिस अधिकारी के बयान और प्रारंभिक जांच के तथ्यों के आधार पर तैयार की गई है। महिला की हत्या की पुष्टि अभी नहीं हुई है। मृतका के शरीर पर चोट अथवा संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिलने की बात पुलिस ने कही है तथा मृत्यु के कारण को स्पष्ट करने के लिए विसरा और हृदय की चिकित्सकीय जांच की प्रक्रिया जारी है। आभूषण गायब होने की बात भी परिजनों द्वारा जताई गई आशंका/सूचना के आधार पर है। खबर की तहतक किसी व्यक्ति को दोषी या निर्दोष घोषित नहीं करता। अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच, पोस्टमार्टम, फॉरेंसिक तथा अन्य वैज्ञानिक रिपोर्ट आने के बाद ही माना जाएगा। मृतका के प्रति हमारी गहरी संवेदना है और परिजनों की निजता एवं भावनाओं का सम्मान किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button