छप्पर में लगी भीषण आग, भैंस और दो पड़िया झुलसीं; गृहस्थी का सामान जलकर राख

खबर की तहतक | अम्बेडकरनगर

अम्बेडकरनगर जनपद के विकासखंड कटेहरी अंतर्गत ग्राम पंचायत भिउरा में शनिवार की देर रात करीब दो बजे एक दर्दनाक अग्निकांड हो गया। गांव निवासी खुशीराम राजभर के छप्पर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय छप्पर में एक भैंस और दो पड़िया बंधी हुई थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें उठती देख परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर पशुओं को बाहर निकाला, लेकिन तब तक भैंस और दोनों पड़िया झुलस चुकी थीं।

आग की तेज लपटों ने देखते ही देखते बगल में बने दूसरे छप्पर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस छप्पर में गृहस्थी का सामान रखा हुआ था, जो जलकर पूरी तरह राख हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार छप्पर में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद, कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू सामान भी आग में नष्ट हो गए।

ग्राम प्रधान पवन सिंह ने बताया कि खुशीराम राजभर के पास रहने के लिए पक्का मकान नहीं है। आवास योजना के लिए उनका सर्वे हो चुका है और नाम सूची में दर्ज है, लेकिन अब तक उन्हें आवास उपलब्ध नहीं कराया गया है। मजबूरी में परिवार छप्पर में रह रहा था।

ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से आग पर किसी तरह काबू पाया जा सका। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।

डिस्क्लेमर :

यह समाचार स्थानीय ग्रामीणों, पीड़ित परिवार और ग्राम प्रधान से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित प्रशासनिक जांच के बाद ही संभव होगी। खबर की तहतक किसी भी अपुष्ट दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। पाठकों से अपील है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले प्रशासन की आधिकारिक सूचना का इंतजार करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Call Now Button