बारात में बवाल: मारपीट और पथराव से मचा हड़कंप, दो हिरासत में खबर की तहतक (वेब पोर्टल रिपोर्ट) जलालपुर, अम्बेडकरनगर। रविवार की रात करीब साढ़े दस बजे मालीपुर रोड स्थित एक मैरिज हॉल के बाहर बारात के दौरान अचानक हुई मारपीट और पथराव से अफरा-तफरी मच गई। घटना में लात-घूंसे, बेल्ट से मारपीट और ईंट-पत्थरों का इस्तेमाल किए जाने से बारात में शामिल लोगों और राहगीरों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ कथित रूप से नशे में धुत युवकों द्वारा एक किशोर की पिटाई की जा रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने जब बीच-बचाव का प्रयास किया, तो विवाद बढ़ गया और हमलावरों ने अन्य लोगों पर भी हमला कर दिया। बताया जाता है कि घटना का वीडियो बना रहे लोगों को भी निशाना बनाते हुए उन पर पथराव किया गया। जानकारी के मुताबिक, कस्बे के एक मैरिज हॉल में बारात आई थी और द्वार पूजा के लिए बाराती निकले थे। इसी दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस के पहुंचने से पहले काफी देर तक उपद्रव चलता रहा। पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया है। थाना जलालपुर के प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष से लिखित शिकायत (तहरीर) प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में देर रात तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Like this:Like Loading… Related Post navigation अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकथाम के लिए ‘सतर्कता दिवस’ मनाया गया आमने-सामने बाइक भिड़ंत में दो युवक गंभीर, जिला अस्पताल रेफर